क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में नकली सौंदर्य प्रसाधन बनाने वाले बड़े सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, सरगना समेत चार गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (WR-I) ने संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सौंदर्य प्रसाधन बनाने और वितरण करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में सरगना नीरज गुप्ता समेत उसके तीन साथियों—रवि, सुरेश कुमार राजपूत और दिनेश चंद्र सती को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ‘वीट’ जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड की हेयर रिमूवल क्रीम के नाम पर घटिया और नकली उत्पाद बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने बादली स्थित अवैध फैक्ट्री से 20,000 से अधिक नकली ट्यूब, पैक किए गए उत्पाद, कच्चा माल और मशीनरी बरामद की है। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में बीएनए और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि 6 अप्रैल को रेकिट बेनकीज़र कंपनी के प्रतिनिधि से शिकायत मिली थी कि बादली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में उनके ब्रांड के नाम पर नकली सामान बनाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसीपी राज कुमार के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बादली स्थित परिसर में छापेमारी की, जहां एक पूरी तरह से संचालित अवैध यूनिट मिली। यहां घटिया रसायनों और हानिकारक कच्चे माल का उपयोग करके नकली वीट क्रीम तैयार की जा रही थी, जिसे हूबहू असली दिखने वाली पैकिंग में भरकर साप्ताहिक बाजारों और स्थानीय वेंडरों को बेचा जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड नीरज गुप्ता (40 वर्ष) पिछले दो वर्षों से इस अवैध धंधे में शामिल था। उसने अधिक मुनाफे के लालच में ब्रांडेड क्रीम की नकल करना शुरू किया। आरोपी रवि छपाई सामग्री और रैपर्स की व्यवस्था करता था, जबकि सुरेश कुमार राजपूत अपनी बवाना स्थित फैक्ट्री में इन नकली डब्बों की छपाई करता था। आरोपी दिनेश चंद्र सती बवाना की फैक्ट्री में सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था और नकली प्रिंटिंग प्लेट्स के जरिए ब्रांडेड लोगो छापने में मदद करता था।

पुलिस ने मौके से 4000 भरी हुई नकली ट्यूब, 5500 रिटेल पैक, 10,000 खाली ट्यूब और भारी मात्रा में पोटेशियम थियोग्लाइकोलेट व हाइड्रेटेड लाइम जैसे रसायन बरामद किए हैं। इसके अलावा हजारों की संख्या में प्लास्टिक स्पैटुला और अन्य पैकेजिंग सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह न केवल जनता को आर्थिक रूप से ठग रहा था, बल्कि घटिया रसायनों के उपयोग से लोगों के स्वास्थ्य और त्वचा के साथ भी खिलवाड़ कर रहा था। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के पूरे सप्लाई चेन की जांच कर रही है ताकि अन्य वितरकों और खुदरा विक्रेताओं को भी पकड़ा जा सके। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More