द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुई 15 लाख की लूट का खुलासा, तीन लुटेरे गिरफ्तार, करीब 12 लाख बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला अंतर्गत थाना सेक्टर-23 पुलिस ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुई 15 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये की नकदी और लूट की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर इस बड़ी रिकवरी को अंजाम दिया है।

द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 6 अप्रैल को द्वारका सेक्टर-23 थाने में द्वारका एक्सप्रेसवे पर दिल्ली अपार्टमेंट्स के पास 15 लाख रुपये की लूट की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी किशोर कुमार रेवाला के पर्यवेक्षण और एसएचओ इंस्पेक्टर बिजेंद्र छिल्लर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई विनय, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, विक्की और कांस्टेबल राजेश शामिल थे।

पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले 29 वर्षीय संदीप, निवासी हरि नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान संदीप ने अपने साथी संतोष महतो का नाम उगला और बताया कि लूट की रकम उसी के पास है। पुलिस ने सीडीआर और लोकेशन एनालिसिस के जरिए संतोष महतो को नांगलोई के पैराडाइज होटल से धर दबोचा।

अदालत से पुलिस रिमांड मिलने के बाद संतोष महतो की निशानदेही पर 10 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से खरीदा गया एक नया मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के तीसरे सदस्य सूरज सोनकर (23 वर्ष), निवासी सदर बाजार को भी गिरफ्तार कर लिया। सूरज के कब्जे से 1.96 लाख रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी की भी पहचान कर ली है।

पकड़े गए आरोपियों में संदीप और संतोष महतो की उम्र 29 वर्ष है, जबकि सूरज सोनकर 23 वर्ष का है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन्होंने सुनियोजित तरीके से एक्सप्रेसवे पर लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने अब तक कुल 11,96,000 रुपये बरामद कर लिए हैं। डीसीपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह गिरोह पहले भी इस तरह की अन्य वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के व्यापारियों और नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More