हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी, स्पेशल स्टाफ ने 34 कार्टन शराब के साथ ईको कार की जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हरियाणा से दिल्ली में तस्करी कर लाई गई अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 34 कार्टन में रखे कुल 1700 क्वार्टर (306 लीटर) अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक मारुति ईको कार जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में त्रिलोकपुरी निवासी सचिन कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो पहले भी शराब तस्करी के दो मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार की देखरेख और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल हिमांशु और शिवम की एक टीम गठित की गई थी। यह टीम रात के समय गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

तफ्तीश के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि 4 अप्रैल की शाम करीब चार बजे पुलिस टीम को कल्याणपुरी इलाके में एक सफेद ईको कार से अवैध शराब की बड़ी खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने त्रिलोकपुरी मेन रोड के पास संदिग्ध वाहन को लोकेट किया। वहां दो अज्ञात व्यक्ति कार से कार्टन उतार रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी कार और कार्टन छोड़कर पतली गलियों का फायदा उठाकर भाग निकले।

पुलिस ने जब वाहन और पास के परिसर की तलाशी ली, तो वहां से 34 कार्टन बरामद हुए, जिनमें ‘फालकन फ्रॉस्ट संतरा देसी शराब’ के 1700 क्वार्टर भरे हुए थे। इन सभी पर ‘केवल हरियाणा में बिक्री के लिए’ अंकित था। पुलिस ने कल्याणपुरी थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उस घर के मालिक सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जहां शराब उतारी और स्टोर की जा रही थी।

पकड़ा गया आरोपी सचिन कुमार एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कल्याणपुरी थाने में पहले से ही आबकारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है जो कार से माल उतार रहे थे। साथ ही इस पूरी सप्लाई चेन के मुख्य स्रोत का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। जब्त की गई ईको कार और शराब को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More