स्पेशल स्टाफ ने सुल्तानपुरी में जुए के अड्डे पर मारा छापा; 5 महिलाओं समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, हजारों की नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुल्तानपुरी इलाके में चल रहे एक अवैध जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 5 महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दांव पर लगी 64,950 रुपये की नकदी और जुए से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की है। इन सभी के खिलाफ दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 9 अप्रैल को स्पेशल स्टाफ की एक टीम सुल्तानपुरी इलाके में गश्त पर थी। इस दौरान एसआई विपिन को गुप्त सूचना मिली कि सुल्तानपुरी स्थित डी-7 पार्क के पास कुछ महिलाएं और अन्य लोग मिलकर अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसआई विपिन के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल विक्रम, जगमोहन और महिला हेड कांस्टेबल पिंकी सहित एक विशेष टीम का गठन किया गया।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां जुआ खेल रहे लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर 5 महिलाओं और एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को 64,950 रुपये नकद मिले, जो जुए में दांव पर लगाए गए थे। इसके अलावा मौके से जुए में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

पकड़े गए पुरुष आरोपी की पहचान सुल्तानपुरी निवासी साजन (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ 5 अन्य महिलाएं भी इस अवैध गतिविधि में शामिल पाई गईं। पुलिस ने सुल्तानपुरी थाने में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह अड्डा कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More