फर्श बाजार में चेकिंग के दौरान शातिर ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम और वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सनी (35 वर्ष) को दबोचा है, जो पहले से ही वाहन चोरी के 13 मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिससे कृष्णा नगर और शाहदरा थाना क्षेत्र के दो मामले सुलझा लिए गए हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि इलाके में स्नैचिंग, लूट और वाहन चोरी जैसी वारदातों को रोकने के लिए ‘रोको-टोको’ रणनीति के तहत गश्त और पिकेट चेकिंग तेज की गई है। इसी क्रम में 9 अप्रैल को फर्श बाजार थाना क्षेत्र के कड़कड़ी रोड पर हेड कांस्टेबल अमित कुमार, दिवाकर और कांस्टेबल विक्रांत की टीम नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका।

तफ्तीश के दौरान पता चला कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह 7 अप्रैल को कृष्णा नगर इलाके से चोरी की गई थी। आरोपी की पहचान गुधई मोहल्ला, शाहदरा निवासी सनी के रूप में हुई। पुलिस ने जब आरोपी से कड़ी पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिसे फरवरी महीने में शाहदरा थाना क्षेत्र से चुराया गया था।

पकड़ा गया आरोपी सनी एक आदतन अपराधी है और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने का आदी है। पुलिस ने आरोपी को बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी चोरी के इन वाहनों को किन लोगों को बेचता था और उसके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More