कापसहेड़ा बॉर्डर पर एक्सपायर्ड सामान बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच ने दबोचा आरोपी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (सेंट्रल रेंज) ने सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बने एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी कापसहेड़ा बॉर्डर के पास एक दुकान चलाकर नामी कंपनियों के एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और कॉस्मेटिक्स उत्पाद मासूम जनता को सस्ते दामों पर बेच रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मैदा, सूजी, बेबी फूड, मसाले और डेयरी उत्पाद जब्त किए हैं।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव यादव ने बताया कि सेंट्रल रेंज की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कापसहेड़ा बॉर्डर स्थित ‘श्री श्याम एंटरप्राइजेज / AMK एंटरप्राइजेज’ नामक दुकान पर एक्सपायर्ड सामान बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए एसीपी सतेंद्र मोहन के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर यशेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई नवीन, ऋषि कुमार, हेड कांस्टेबल राज प्रकाश, संदीप, प्रेम प्रकाश और कांस्टेबल विधि शामिल थे। पुलिस ने जाल बिछाकर डमी कस्टमर भेजे, जिन्होंने वहां से सामान खरीदा। जांच में पाया गया कि सभी उत्पाद एक्सपायर्ड थे और उन्हें कम कीमतों पर बेचा जा रहा था।

इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की और दुकानदार अब्दुल मन्नान खान उर्फ मोनू (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर खाद्य सुरक्षा और औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया, जिन्होंने सैम्पल एकत्र किए। दुकान में मौजूद एक महिला ग्राहक ने भी शिकायत की कि उसने एक दिन पहले वहां से सामान खरीदा था, जो खराब निकला। पुलिस ने मौके से करीब 900 किलोग्राम सूखा किराना सामान जब्त किया, जबकि करीब 2,000 किलोग्राम दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पादों को स्वास्थ्य विभाग की मौजूदगी में नष्ट करवा दिया गया।

पूछताछ में आरोपी अब्दुल मन्नान ने खुलासा किया कि वह विभिन्न गोदामों से एक्सपायर्ड, खराब या टूटे-फूटे सामानों को कौड़ियों के दाम पर खरीदता था। इन सामानों को वह अपनी दुकान में स्टॉक करता और ग्राहकों को भारी डिस्काउंट का लालच देकर बेचता था। आरोपी न केवल लोगों के साथ वित्तीय धोखाधड़ी कर रहा था, बल्कि एक्सपायर्ड बेबी फूड और डेयरी उत्पाद बेचकर उनके जीवन के साथ भी खिलवाड़ कर रहा था।

आरोपी अब्दुल मन्नान खान उर्फ मोनू मूल रूप से बिजवासन का रहने वाला है। वह केवल दूसरी कक्षा तक पढ़ा है। साल 2022 में वह सब्जी का ठेला लगाता था, उसी दौरान वह कुछ गोदाम कर्मियों के संपर्क में आया, जिन्होंने उसे एक्सपायर्ड सामान के धंधे के बारे में बताया। ज्यादा मुनाफे के लालच में उसने दुकान खोली और अवैध तरीके से पैसा कमाना शुरू कर दिया। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य गोदाम कर्मियों और सप्लायर्स की तलाश कर रही है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और खाद्य सुरक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More