तिलक नगर में हाई-प्रोफाइल हंगामा: अभिनव अरोड़ा के पिता की कार से टकराई बाइक, कड़ा मारकर गाड़ी में तोड़फोड़, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के व्यस्त तिलक नगर मुख्य बाजार में मंगलवार रात उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता अभिनव अरोड़ा के पिता की कार एक मोटरसाइकिल से छू गई। मॉल रोड पर सिंगला रेस्टोरेंट के सामने हुई इस मामूली टक्कर के बाद मोटरसाइकिल सवार और उनके साथियों ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने कार चला रहे अभिनव के पिता के साथ बदसलूकी की और लोहे के कड़े से कार के बोनट व खिड़कियों पर वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हंगामा करने वाले तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।

घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, अभिनव अरोड़ा के पिता अपनी कार से तिलक नगर मार्केट से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी सड़क पर खड़ी एक मोटरसाइकिल से हल्की सी छू गई। हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन मौके पर मौजूद मोटरसाइकिल पक्ष के लोग भड़क उठे। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने आव देखा न ताव और अपने हाथ में पहने भारी कड़े से कार पर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे गाड़ी को काफी नुकसान पहुँचा।

हंगामे और तोड़फोड़ के बीच अभिनव अरोड़ा के पिता ने तुरंत पीसीआर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। तिलक नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और माहौल खराब करने वाले तीनों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि इस घटना के समय अभिनव अरोड़ा कार में मौजूद नहीं थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को एहतियाती हिरासत के तहत गिरफ्तार किया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें दो दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाजार में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More