मयूर विहार पार्क में टहल रहे युवक से छीना था मोबाइल; शोर सुनकर मुस्तैद हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लुटेरों को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला अंतर्गत एएटीएस और गाजीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रवेश (22 वर्ष) और उसके एक नाबालिग साथी को दबोचा है। इन दोनों ने मयूर विहार फेज-3 स्थित एक पार्क में एक युवक से उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। पुलिस की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वारदात के कुछ ही देर बाद गश्त कर रही टीम ने आरोपियों को धर दबोचा और लूटा गया विवो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि इलाके में स्नैचिंग और लूट की वारदातों को रोकने के लिए विशेष चेकिंग और गश्त के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार और एसीपी तिलक चंद्र बिष्ट की देखरेख में एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर पवन यादव और गाजीपुर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम (एसआई संदीप, हेड कांस्टेबल कृष्ण, मोनू व अन्य) इलाके में तैनात थी।

घटना के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि 7 अप्रैल की दोपहर को शिकायतकर्ता प्रथम मयूर विहार फेज-3 के एक पार्क में गया था। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसका मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे। पीड़ित ने शोर मचाया और उनका पीछा किया। पास में ही चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में भाग रहे दो युवकों को देखा और घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक विवो मोबाइल फोन मिला। इसी बीच पीड़ित भी मौके पर पहुँच गया और उसने दोनों आरोपियों के साथ-साथ अपने मोबाइल की भी पहचान कर ली।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए बालिग आरोपी की पहचान प्रवेश, निवासी कोंडली के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रवेश का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। पुलिस ने गाजीपुर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग आरोपी को कानून के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन दोनों ने हाल के दिनों में पार्क और आसपास के इलाकों में अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। मामले की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More