शराब के नशे में विवाद और फिर पत्थर से कूचकर कि हत्या, बवाना पुलिस ने दिल्ली से मुंबई और हरिद्वार तक पीछा कर पुलिस ने दबोचे तीन हत्यारे

नई दिल्ली: दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिला अंतर्गत बवाना थाना पुलिस ने मुंगेशपुर इलाके में हुई प्रदीप नामक युवक की सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इंद्रजीत उर्फ सुस्सा (33 वर्ष), सागर (26 वर्ष) और मोंटी (24 वर्ष) को नरेला रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे दिल्ली से बाहर भागने की फिराक में थे। आरोपियों ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद ईंट से कूचकर प्रदीप की हत्या कर दी थी और पुलिस को गुमराह करने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे।

आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 31 मार्च को बवाना थाना क्षेत्र के एक खुले खेत में एक सड़ा-गला शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान औचंदी गांव निवासी प्रदीप के रूप में हुई, जो बवाना थाने का घोषित अपराधी था। जांच में सामने आया कि 29 मार्च को प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ शराब खरीदने गया था। रात 10 बजे उसने आखिरी बार अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि उसकी स्कूटी पंक्चर हो गई है, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। परिजनों की शिकायत और शव की बरामदगी के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नॉर्दर्न रेंज के जॉइंट सीपी विजय सिंह के नेतृत्व और डीसीपी हरेश्वर स्वामी की देखरेख में एसीपी बवाना जोगिंदर सिंह और कार्यवाहक एसएचओ गौरव सिंह की एक विशेष टीम (इंस्पेक्टर इम्तियाज आलम, एसआई पंकज व अन्य) गठित की गई।

आरोपी पकड़े जाने से बचने के लिए शातिर दिमाग लगा रहे थे। वे अपना मोबाइल बंद कर राहगीरों से फोन मांगकर परिजनों से बात करते थे। 3 अप्रैल को आरोपी इंद्रजीत की लोकेशन मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास मिली। पुलिस टीम मुंबई पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से निकल चुके थे। 5 अप्रैल को उनकी लोकेशन हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर मिली। पुलिस ने वहां भी जाल बिछाया, लेकिन वे फिर चकमा देकर दिल्ली की ओर लौट आए। अंततः 7 अप्रैल को उनकी लोकेशन बादली और फिर नरेला रेलवे स्टेशन के पास मिली, जहाँ पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर मुंगेशपुर के खेतों से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट और पानीपत से मृतक की स्कूटी बरामद कर ली गई है। मुख्य आरोपी इंद्रजीत उर्फ सुस्सा पहले भी 2019 में बवाना थाने के एक हत्या के मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब इस मामले के सभी साक्ष्यों को जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More