रोहिणी एंटी रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल ने दो शातिर चोरों को दबोचा, चोरी की दो बाइक, मोबाइल और LED टीवी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला की एंटी रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल ने अपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी सकबीर खान उर्फ सम्राट (32 वर्ष) और संजू (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो शाहबाद डेयरी इलाके के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, तीन चोरी के मोबाइल फोन और एक चोरी का एल.ई.डी. टीवी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पुराने अपराधी हैं और उन पर पहले से चोरी व झपटमारी के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की देखरेख और एआरएससी प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसआई मनीष, एएसआई अरविंद, हेड कांस्टेबल आशीष, अमरजीत, अशोक और कांस्टेबल दिग्विजय व कुलदीप की एक विशेष टीम गठित की गई थी। डीसीपी ने बताया कि 6 अप्रैल को टीम को दो संदिग्ध चोरों की आवाजाही के संबंध में पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने केएनके मार्ग थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाला रोड के पास रणनीतिक घेराबंदी की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका, जिनकी पहचान सकबीर और संजू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए, जो बुध विहार और नॉर्थ रोहिणी इलाकों से चोरी किए गए थे। इसके अलावा उनके पास से एक चोरी का एल.ई.डी. टीवी भी मिला। डीसीपी ने बताया कि जिस मोटरसाइकिल पर वे सवार थे, वह केएनके मार्ग थाने के एक मामले में चोरी की पाई गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने प्रशांत विहार इलाके से चोरी की गई एक और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

आरोपियों के प्रोफाइल के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि सकबीर खान उर्फ सम्राट एक आदतन अपराधी है और पहले से इसी तरह के 17 मामलों में शामिल रहा है। वहीं, उसका साथी संजू भी 6 अपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है। दोनों आरोपियों ने आसान पैसा कमाने के लिए चोरी का रास्ता अपनाया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे चोरी का यह सामान किन्हें सप्लाई करते थे। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More