पुरानी रंजिश में महिला पार्क के पास युवक पर चाकू से हमला, कल्याणपुरी थाना पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला अंतर्गत कल्याणपुरी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीन विधि विरुद्ध किशोरों को पकड़ा है और उनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया घातक चाकू भी बरामद कर लिया है। यह पूरी घटना पुरानी रंजिश का परिणाम थी, जिसमें आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी निगरानी के चलते आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिल सका।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 4 अप्रैल को कल्याणपुरी थाने में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से एक घायल युवक के भर्ती होने की सूचना मिली थी। पीड़ित को चांद सिनेमा स्थित महिला पार्क के पास चाकू मारा गया था। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डीसीपी ने बताया कि शुरुआत में पीड़ित बयान देने की स्थिति में नहीं था, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। अगले दिन होश आने पर पीड़ित ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसके ही जानने वाले चार लड़कों ने उस पर हमला किया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी कल्याणपुरी की देखरेख और एसएचओ कल्याणपुरी के नेतृत्व में एसआई आशीष, नंदकिशोर पाटिल, भानु सिंह व अन्य की एक विशेष टीम गठित की गई। डीसीपी ने बताया कि टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी का प्रभावी उपयोग किया। पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और 24 घंटे के भीतर वारदात में शामिल तीन किशोरों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया।

पकड़े गए तीनों किशोरों को कानून के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें प्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। डीसीपी ने बताया कि इस मामले में शामिल चौथे फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस अब इस मामले के सभी साक्ष्यों को मजबूत करने और फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More