पीरागढ़ी मेट्रो पिलर के पास मौत बनकर दौड़े ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में रविवार देर रात तेज रफ्तार का जानलेवा तांडव देखने को मिला। पंजाबी बाग से पीरागढ़ी चौक की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और उसे कुचलता हुआ निकल गया। इस भीषण हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान चली गई। वारदात के बाद भाग रहे ट्रक चालक को मौके पर मौजूद साहसी राहगीरों ने घेराबंदी कर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक सौरभ कुमार (26), निवासी कन्नौज (यू.पी.) को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान पीरागढ़ी कैंप निवासी कृष्ण मोहन पुत्र धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जो अपनी पल्सर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक की टक्कर लगते ही युवक बाइक समेत कई फीट तक घिसटता चला गया। यह हादसा रात करीब 11:13 बजे मेट्रो पिलर संख्या 213 के पास हुआ। टक्कर की गूंज सुनकर आसपास के लोग दहल उठे। चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ने मौके से ट्रक लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन जनता ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया और क्षतिग्रस्त ट्रक समेत उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की तकनीकी जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि मृतक कृष्ण मोहन के पास वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक चालक की लापरवाही को ही हादसे की मुख्य वजह बताया है। पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या चालक नशे की हालत में था या फिर वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी। 19 साल के मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही पीरागढ़ी कैंप स्थित उसके घर में कोहराम मच गया है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More