गश्त के दौरान एएटीएस टीम ने घेराबंदी कर दबोचा, ऑटो-लिफ्टर, हीरो स्प्लेंडर और एक्टिवा जब्त

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। इस कार्रवाई से थाना मधु विहार में दर्ज वाहन चोरी के दो महत्वपूर्ण मामले सुलझ गए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 27 मार्च को मधु विहार थाने में मोटरसाइकिल चोरी की एक ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एएसआई अजीत, राजीव, हेड कांस्टेबल संदीप, विक्रांत और कांस्टेबल अंकित) का गठन किया गया। टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों पर निगरानी रखनी शुरू की।

3 अप्रैल को गश्त के दौरान टीम को एक संदिग्ध के बारे में पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो वहां एक युवक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे पीछा कर दबोच लिया। जाँच में पता चला कि वह मोटरसाइकिल वही थी जो 27 मार्च को चोरी हुई थी। पकड़े गए आरोपी की पहचान मन्नी दास (28 वर्ष) निवासी खिचड़ीपुर के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान मन्नी दास ने स्वीकार किया कि उसने हाल ही में एक होंडा एक्टिवा स्कूटी भी चुराई थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वह स्कूटी भी बरामद कर ली, जो 25 मार्च को मधु विहार इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जाँच कर रही है कि क्या वह किसी बड़े वाहन चोर गिरोह का हिस्सा है या उसने दिल्ली के अन्य इलाकों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More