सोशल मीडिया पर वायरल ‘दूध चोर गैंग’ का पर्दाफाश; बाहरी जिला पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के एंटी-नार्कोटिक्स स्क्वाड ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ‘दूध चोर गैंग’ का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का एक बजाज मैक्सिमो थ्री-व्हीलर, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक होंडा मोटरसाइकिल और दूध के 14 खाली क्रेट बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ पाठा (27 वर्ष) और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित (19 वर्ष) के रूप में हुई है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 26 मार्च को यूट्यूब पर दूध और दही की चोरी से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन और एंटी-नार्कोटिक्स स्क्वाड प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एएसआई दिलबाग, हेड कांस्टेबल दिनेश व अन्य) का गठन किया गया। टीम ने लगभग 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया, जिससे वीडियो में दिख रहे संदिग्धों की पहचान हो सकी।

3 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि वायरल वीडियो में शामिल दो बदमाश विकास नगर के शिव विहार स्थित चर्च के पास आने वाले हैं। पुलिस टीम ने चर्च के पास जाल बिछाया और नजफगढ़ नाले की तरफ से आ रहे एक थ्री-व्हीलर को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से दूध के 14 खाली क्रेट मिले और जांच में पता चला कि वह वाहन थाना प्रेम नगर से चोरी किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने ही उत्तम नगर इलाके में दूध और दही की चोरी की थी, जिसे उन्होंने डाबरी और बिंदापुर के मिल्क सप्लाई पॉइंट्स पर बेच दिया था।

पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी दूध सप्लाई करने वाले वाहनों का पीछा करते थे और जैसे ही डिलीवरी बॉय क्रेट बाहर रखकर आगे बढ़ता, ये चोरी के टेम्पो में क्रेट लादकर फरार हो जाते थे। मुख्य आरोपी मोहित उर्फ पाठा रणहौला का रहने वाला है और वह एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से ही चोरी और झपटमारी के 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इसी साल फरवरी में जेल से बाहर आया था और आते ही उसने फिर से वारदातें शुरू कर दीं।

पुलिस ने इनकी निशानदेही पर तिलक नगर और रणहौला से चोरी की गई एक स्कूटी और एक बाइक भी बरामद की है। इस गिरफ्तारी से उत्तम नगर, प्रेम नगर, तिलक नगर और रणहौला थानों में दर्ज चोरी के पांच मामले सुलझा लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन्होंने और कहाँ-कहाँ चोरी का दूध सप्लाई किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More