शाहदरा एएनटीएफ ने न्यू सीमापुरी में ‘सब्जी वाली’ ड्रग पेडलर को पकड़ा, ₹20 लाख की स्मैक बरामद

नई दिल्ली:  दिल्ली के शाहदरा जिले की एंटी-नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महिला ड्रग पेडलर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 56.39 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹20 लाख बताई जा रही है। पकड़ी गई महिला इलाके में सब्जी बेचने का काम करती है, जिसकी आड़ में वह नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थी।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 2 अप्रैल को एएनटीएफ प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू सीमापुरी के 30 फुटा रोड इलाके में जैतून उर्फ विधवा नामक एक महिला अवैध स्मैक की बिक्री कर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस मोहिंदर सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष छापेमारी टीम (एसआई धीर सिंह, एएसआई शोकिंदर, महिला कांस्टेबल शिवानी व अन्य) का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और मछली बाजार, न्यू सीमापुरी निवासी जैतून (60 वर्ष) को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान महिला के कपड़ों में छिपाई गई एक प्लास्टिक की थैली से 56.39 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया और थाना सीमापुरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान आरोपी जैतून ने खुलासा किया कि वह आर्थिक तंगी के कारण एक बड़े ड्रग सप्लायर के संपर्क में आई थी और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए स्मैक बेचने लगी थी।

जांच में सामने आया कि जैतून एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी साल 2024 में सीमापुरी थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल रही है। पुलिस अब उन मुख्य सप्लायरों की पहचान करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है जहाँ से महिला यह नशे की खेप लाती थी। डीसीपी ने कहा कि नशे के इस पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए शाहदरा पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More