मुस्तफाबाद के युवक की चाकू गोदकर हत्या, दयालपुर थाना पुलिस ने तीन नाबालिग दबोचे, तीनों चाकू बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुलझा लिया है। 25 फुटा रोड पर बाबू हलवाई की दुकान के पास 26 वर्षीय कैफ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दयालपुर थाना पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जिनकी उम्र करीब 16 वर्ष है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए तीनों चाकू भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल की शाम को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली कि न्यू मुस्तफाबाद निवासी कैफ (26) को घायल अवस्था में लाया गया था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। मृतक के शरीर पर चाकू के कई गहरे निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए दयालपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।

दयालपुर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर परमवीर सिंह दहिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्ध नाबालिगों को चिन्हित कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि मृतक कैफ के साथ उनका काफी समय से पुराना विवाद चल रहा था, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने कल शाम उस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूरी योजना के साथ कैफ को घेरा और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वे 24 घंटे के भीतर ही पकड़ लिए गए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन नाबालिगों के पीछे किसी बड़े अपराधी का हाथ है या वे किसी गैंग से प्रभावित थे। फिलहाल, तीनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मुस्तफाबाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More