मेहरौली में अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़: ₹10 करोड़ की कोकीन के साथ नाइजीरियाई ड्रग किंगपिन गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिले के स्पेशल स्टाफ ने ‘ऑपरेशन कवच 13.0’ के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम देते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मेहरौली इलाके में छापेमारी कर एक नाइजीरियाई मूल के ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 1.031 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद कोकीन की अनुमानित कीमत करीब ₹10 करोड़ आंकी गई है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए एसीपी हेडक्वार्टर अभिनेंद्र जैन के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को सूचना मिली थी कि इस्लाम कॉलोनी, मेहरौली में रहने वाला एक विदेशी नागरिक बड़े पैमाने पर कोकीन की तस्करी कर रहा है। तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर रेकी करने के बाद, पुलिस टीम ने 30 मार्च को ‘महिरांश मेंशन’ नामक इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित आरोपी के फ्लैट पर छापा मारा।

पुलिस की इस रेड में जॉन चिबुइके (35 वर्ष) नामक नाइजीरियाई नागरिक को दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो से अधिक वजन की कोकीन बरामद हुई। जांच में सामने आया कि जॉन एक शातिर अपराधी है और वह दक्षिण व दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के रईस इलाकों में नशीले पदार्थों की सप्लाई का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। वह इससे पहले साल 2022 में भी प्रीत विहार थाने द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उसने अपना नेटवर्क और अधिक फैला लिया था।

पुलिस ने इस संबंध में थाना मेहरौली में एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन भारत में किस रास्ते से आई और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन से स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय तस्कर शामिल हैं। डीसीपी ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत नशे के खिलाफ यह जंग आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More