गाजियाबाद से चोरी बाइक पर दिल्ली में घूम रहा था नाबालिग, एएटीएस टीम ने रंगे हाथ दबोचा, 5 गाड़ियां बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। एएटीएस की टीम ने एक सक्रिय ऑटो-लिफ्टर को पकड़ा है, जिसके कब्जे से चोरी के पांच वाहन बरामद किए गए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के पांच मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस अधिकारी के अनुसार, एएटीएस की टीम क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों पर तकनीकी और मैन्युअल तरीके से नजर रख रही थी। 31 मार्च को एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व में गठित टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ भजनपुरा इलाके से गुजरने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भजनपुरा की गली नंबर 15 के पास जाल बिछाया और काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस पर सवार एक युवक को रोका।

जब पुलिस ने उससे मोटरसाइकिल के कागजात मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ और वाहन की वेरिफिकेशन करने पर पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित टीला मोड़ थाने के क्षेत्र से चोरी की गई थी। पकड़ा गया आरोपी महज 17 साल का नाबालिग निकला। गहन पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह कम समय में अधिक पैसा कमाने की चाहत में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि ये वाहन दिल्ली के जाफराबाद, खजूरी खास, प्रसाद नगर और फर्श बाजार इलाकों से चोरी किए गए थे। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और चोरी किए गए वाहनों को आगे कहाँ और किसे बेचा जाता था। फिलहाल पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय वाहन चोरों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More