प्रीत विहार में शातिर ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार; चोरी की एक्टिवा और मोबाइल फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के थाना प्रीत विहार की पुलिस टीम ने मुस्तैदी और प्रभावी जांच का परिचय देते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक चोरी का टेक्नो मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई से प्रीत विहार थाने में दर्ज वाहन चोरी और मोबाइल चोरी के दो अलग-अलग मामले सुलझ गए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 28 मार्च को प्रीत विहार थाने में एक होंडा एक्टिवा की चोरी के संबंध में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अशोक कुमार के मार्गदर्शन और प्रीत विहार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एचसी कुलदीप, राम सिंह, रविंदर और कांस्टेबल चेतन) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।

1 अप्रैल को जब पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी उन्हें एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाके में मौजूद है। पुलिस ने तुरंत बताए गए स्थान पर घेराबंदी की, जहाँ एक युवक गोल्डन रंग की एक्टिवा के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। वाहन के सत्यापन के दौरान पुष्टि हुई कि यह वही स्कूटी है जिसकी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिल (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खुरेजी खास की नई जामा मस्जिद इलाके का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक ग्रे रंग का टेक्नो मोबाइल फोन भी मिला, जिसे जांचने पर पता चला कि वह भी प्रीत विहार थाने से ही ई-एफआईआर के तहत चोरी का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पुराने आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि साहिल ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More