झपटमारी के कुछ ही घंटों बाद दबोचा गया शातिर अपराधी; चोरी की स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के थाना पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस टीम ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए झपटमारी की एक वारदात को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी इरफान (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल की सुबह शिकायतकर्ता धर्मेंद्र अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। जब वे गाजीपुर गांव की गौशाला वाली गली के पास पहुँचे, तब स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार में फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मधु विहार के मार्गदर्शन और पीआईए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एचसी हर्षित, एचसी सुनील, एचसी मनी राम व एचसी अनिल) का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने बिना देरी किए घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों के भागने के मार्ग की पहचान की गई। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने राधू पैलेस जेजे क्लस्टर इलाके में छापेमारी की और इरफान को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान इरफान ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर बरामद स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि वह थाना मधु विहार इलाके से चोरी की गई थी।

आरोपी इरफान पूर्वी गुरु अंगद नगर का रहने वाला है और मजदूरी करता है। पूछताछ में सामने आया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए उसने झपटमारी का रास्ता चुना। हालांकि उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, लेकिन पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है और यह पता लगा रही है कि उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More