पालम विलेज के रिहायशी इलाके में चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़; 45 सिलेंडर और टेंपो के साथ 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के थाना पालम विलेज की टीम ने एक रिहायशी इलाके में चल रहे अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग और स्टोरेज रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में अनार सिंह (ड्राइवर), सत्यवीर (डिलीवरी बॉय) और विकास कुमार (असिस्टेंट डिलीवरी बॉय) को गिरफ्तार किया है। मौके से 45 भारत गैस सिलेंडर, गैस ट्रांसफर करने वाले नोजल, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और वारदात में इस्तेमाल टेंपो बरामद किया गया है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 28 मार्च की सुबह गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल राजेश को सूचना मिली कि पालम विलेज की आदर्श गली स्थित एक खाली प्लॉट में अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआई आर.पी. मीणा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापा मारा। वहां एक टेंपो खड़ा मिला और प्लॉट के अंदर भारी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर रखे हुए थे। हैरानी की बात यह थी कि आरोपी बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के नोजल के जरिए एक सिलेंडर से दूसरे में गैस भर रहे थे।

जांच में सामने आया कि ये तीनों आरोपी जनकपुरी स्थित ‘ब्लू फ्लेम गैस सर्विस’ के कर्मचारी हैं और उन्होंने अवैध भंडारण के लिए यह प्लॉट किराए पर ले रखा था। मौके पर एसडीएम द्वारका, बीपीसीएल और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया, जिन्होंने इस अवैध गतिविधि की पुष्टि की। आरोपी मौके पर कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सके।

पुलिस ने इस संबंध में थाना पालम विलेज में बीएनएस की धारा 287/288 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पूछताछ में पता चला कि ये लोग अवैध लाभ कमाने के लिए सिलेंडरों से गैस चोरी कर उन्हें दोबारा भरते थे, जिससे रिहायशी इलाके में बड़े हादसे का खतरा बना रहता था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और गैस एजेंसी की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More