दिल्ली की मेयर को बम से उड़ाने की धमकी, सिविक सेंटर में मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ते ने खंगाला कोना-कोना

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की महापौर के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे एक ईमेल ने बुधवार को पुलिस और नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब 07:31 बजे प्राप्त हुए इस ईमेल में दोपहर 02:11 बजे धमाका करने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही कमला मार्केट थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय ‘सिविक सेंटर’ परिसर में मोर्चा संभाल लिया और घंटों सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने बताया कि धमकी मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया था। जांच टीम ने सिविक सेंटर की पार्किंग, बेसमेंट, मेयर कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण अनुभागों की व्यवस्थित तरीके से चेकिंग की। महापौर ने स्पष्ट किया कि पूरी जांच के बाद कार्यालय में कार्य सामान्य रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

इस घटना के बाद सिविक सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बना दिया गया है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अब परिसर में किसी भी व्यक्ति को उचित सत्यापन के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षाकर्मियों को हाई अलर्ट पर रहने और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। महापौर ने याद दिलाया कि वर्ष 2022 में भी कार्यालय को इसी प्रकार की धमकी मिली थी, जो बाद में फर्जी निकली थी। उन्होंने कहा कि ऐसी धमकियां केवल भय का माहौल बनाने के लिए दी जाती हैं, लेकिन इससे निगम के कार्य प्रभावित नहीं होंगे।

कमला मार्केट थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस की साइबर सेल उस ईमेल के मूल स्रोत और आईपी एड्रेस को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है, जिसके जरिए यह धमकी भेजी गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एहतियात के तौर पर सिविक सेंटर के भीतर और बाहर सुरक्षाकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन अब उन शरारती तत्वों की पहचान करने में जुटा है जो इस तरह की दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More