मॉडल टाउन में तेज रफ्तार कार ने रिक्शा को मारी टक्कर, हादसे में महिला की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जीटीके रोड पर सत्यवती कट के पास एक तेज रफ्तार कार ने रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में रिक्शा सवार एक 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को मॉडल टाउन थाने को सत्यवती कट के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने देखा कि एक का और रिक्शा के बीच भीषण टक्कर हुई थी। हादसे में घायल 46 वर्षीय किरण देवी को तुरंत पास के विनायक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य घायल व्यक्ति पूरन मल को दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कार चला रही महिला की पहचान अंजलि अरोड़ा के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार, कार की गति काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी अंजलि अरोड़ा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, वारदात में शामिल कार को भी जब्त कर थाने खड़ा करवा दिया गया है ताकि तकनीकी जांच की जा सके।

मॉडल टाउन थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं 281, 125(a) और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना के बाद से जीटीके रोड पर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More