चोरी की स्कूटी से दिल्ली गेट पर महिला से मोबाइल छीनकर भागने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, साथी की तलाश जारी

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने लूट और वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर और कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में अदनान उर्फ अद्दू (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया कीमती मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी पहले से ही लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के आठ आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 24 मार्च को दरियागंज थाने में लूट की एक शिकायत दर्ज हुई थी। पीड़िता ने बताया कि जब वह जेएलएन मार्ग पर जी.बी. पंत अस्पताल के पास से गुजर रही थी, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन और काला स्कार्फ जबरन छीन लिया। इस दौरान पीड़िता की कान की बाली भी स्कार्फ में फंसकर निकल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पदम सिंह राणा के पर्यवेक्षण और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने 23 से 28 मार्च के बीच दरियागंज से लेकर जाफराबाद तक के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय लोगों के विरोध और तकनीकी चुनौतियों के बावजूद पुलिस टीम डटी रही और आखिरकार आरोपी की पहचान जाफराबाद निवासी अदनान के रूप में की। 28 मार्च को पुलिस ने जाफराबाद की गलियों में घेराबंदी कर एक संक्षिप्त पीछा करने के बाद अदनान को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी साहिल के साथ मिलकर मास्टर की के जरिए स्कूटी चोरी करता था और फिर उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल लूटपाट और झपटमारी के लिए करता था। उसने स्वीकार किया कि वह स्कूटी चलाता था और उसका साथी पीछे बैठकर मोबाइल व चेन झपटता था। पेट्रोल खत्म होने पर वे स्कूटी को वहीं छोड़कर दूसरी स्कूटी चुरा लेते थे। बरामद स्कूटी थाना शाहीन बाग से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी के वे कपड़े और जूते भी बरामद कर लिए हैं जो उसने वारदात के समय पहने थे। फिलहाल आरोपी के साथी साहिल की तलाश जारी है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More