सीआर पार्क में महिला से चेन स्नैचिंग का प्रयास, विरोध करने पर चाकू से हमला, पुलिस ने बरामद की बाइक

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाके चित्तरंजन पार्क (सीआर पार्क) में रविवार शाम चेन स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बंगीय समाज के समीप बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की चेन छीनने का प्रयास किया। जब महिला ने बहादुरी दिखाते हुए इसका विरोध किया, तो पकड़े जाने के डर से एक बदमाश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में महिला को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 29 मार्च की शाम करीब चार बजे की है। पीड़ित महिला बंगीय समाज के पास से गुजर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन खींचने की कोशिश की, लेकिन महिला ने मजबूती से विरोध किया। खुद को घिरता देख एक आरोपी ने चाकू निकाल लिया और महिला पर वार कर दिया। हमले के बाद घायल अवस्था में महिला स्वयं नजदीकी अस्पताल पहुँची, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।

दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर सीआर पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। जांच के दौरान पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया गया है।

डीसीपी ने आगे बताया कि आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता है, जिसके मद्देनजर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More