गोकुलपुरी और नंद नगरी में जानलेवा हमले की गुत्थी सुलझी, पांच आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी और नंद नगरी थाना क्षेत्रों में हुई चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। गोकुलपुरी में एक युवक और दो किशोरों को पकड़ा गया है, जिन्होंने अपने ही दोस्तों पर जानलेवा हमला किया था। वहीं, नंद नगरी में बिना किसी उकसावे के युवक को चाकू मारने वाले दो शातिर बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू बरामद कर लिए हैं।

पहली घटना गोकुलपुरी थाना क्षेत्र के गंगा विहार इलाके की है, जहाँ 28 मार्च की देर शाम पाइपलाइन के पास दो 17 वर्षीय किशोरों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। घायलों को तत्काल जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे एक दोस्त ने मिलने के लिए बुलाया था, जहाँ कार्तिक और उसके दो साथी पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान मामूली बात पर कहासुनी हुई और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। एसएचओ उम्मेद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय मुख्य आरोपी कार्तिक निवासी ज्वाला नगर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर दो किशोरों को भी हिरासत में लिया गया है।

दूसरी वारदात 29 मार्च की शाम नंद नगरी के सुंदर नगरी इलाके में हुई। यहां 26 वर्षीय लोकेश जब अपने घर लौट रहा था, तब जी-ब्लॉक के पास दो युवकों ने उसके साथ बिना वजह गाली-गलौज शुरू कर दी। लोकेश द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। पीसीआर वैन ने घायल को जीटीबी अस्पताल पहुँचाया। एसएचओ आनंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों, जुबैर उर्फ जुब्बी (22) और दीपक (20) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी जुबैर पहले भी झपटमारी के एक मामले में संलिप्त रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिए हैं और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इन गिरफ्तारियों से इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More