बाराबंकी में युवक का सिर काट घर ले गया सनकी, हत्या के बाद ऐसी हैवानियत देख पुलिसवालों के खड़े हो गए रोंगटे

राष्ट्रीय जजमेंट

प्रदेश के बाराबंकी से हैवानियत भरी खबर सामने आई है. यहां टिकैतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को क्रूरता की सारी हदें पार हो गईं. मामूली विवाद में एक सनकी हमलावर ने 21 वर्षीय युवक की गर्दन काटकर उसे मौत के घाट उतारा.
इसके बाद वह कटी हुई गर्दन को हाथ में उठाकर अपने घर ले गया. हैवानियत का आलम यह था कि इस जघन्य अपराध करने के बाद आरोपी घर में सुकून से खाना बनाने लगा, जैसे कुछ हुआ ही न हो. पुलिस ने जब दबिश दी तो आरोपी के घर के भीतर से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद हुआ, जिसे देखकर पुलिसकर्मियों के भी रोंगटे खड़े हो गए.

मामूली कहासुनी में आगबबूला
मृतक की पहचान पारा बेहटा गांव निवासी बबलू के रूप में हुई है. बबलू अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था. घर में उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है. शनिवार को बबलू रोज की तरह बर्फ बेचने निकला था, तभी परसवाल गांव के पास उसका विवाद स्थानीय निवासी शंकर से हो गया. मामूली कहासुनी के बाद शंकर इस कदर आगबबूला हुआ कि उसने धारदार हथियार (फरसे) से बबलू पर हमला कर दिया और सरेराह उसकी गर्दन धड़ से अलग कर दी.
पुलिस अधीक्षक ने पकड़ने को भेजी पूरी टीम
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शंकर भागने के बजाय बबलू का कटा हुआ सिर उठाकर अपने घर चला गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर भारी पुलिस बल ने गांव की घेराबंदी की. जब पुलिस टीम शंकर के घर पहुंची तो वहां का नजारा देख हर कोई सन्न रह गया. हत्यारा शंकर घर के भीतर बड़े आराम से खाना बना रहा था और पास ही बबलू का कटा हुआ सिर रखा था. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और उसके कब्जे से मृतक का सिर बरामद किया.

इस क्रूरता की वजह जानने में जुटी पुलिस
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे टिकैतनगर क्षेत्र में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है. बबलू की मौत के बाद उसके दो मासूम बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सनक और आपसी विवाद का लग रहा है, लेकिन इतनी क्रूरता के पीछे की असल वजह जानने के लिए गहन पूछताछ की जा रही रही है.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More