गाजीपुर पुलिस ने घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की गाजीपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में नमन उर्फ आशीष (19 वर्ष) और योगेंद्र (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी योगेंद्र गाजीपुर थाने का घोषित बैड कैरेक्टर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और चोरी जैसे 16 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने इलाके में हुई सेंधमारी की दो वारदातों को सुलझाने का दावा किया है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 27 मार्च को पेशे से माली विजेंद्र सिंह ने गाजीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से दो मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मधु विहार एसीपी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अजीत और कांस्टेबल मनीष कुमार की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के करीब 25 से 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति शिकायतकर्ता के घर के पास नजर आए। तकनीकी जांच और स्थानीय मुखबिरों की मदद से इन संदिग्धों की पहचान नमन और योगेंद्र के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वे फरार पाए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में इलाके में जाल बिछाया और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए ओप्पो और आईटेल के मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी योगेंद्र एक आदतन अपराधी है और एक मामले में सजायाफ्ता भी है।

आरोपियों का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि नमन उर्फ आशीष केवल 7वीं कक्षा तक पढ़ा है और नशे का आदी है। वहीं, योगेंद्र 5वीं पास है और सफाईकर्मी के रूप में काम करता था, लेकिन अपराध की दुनिया में गहराई तक धंसा हुआ है। डीसीपी ने आगे बताया कि इन दोनों की गिरफ्तारी से गाजीपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मामले सुलझ गए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने चोरी के मोबाइल किसे बेचने की योजना बनाई थी। दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More