सागरपुर से स्कूटी और हरि नगर से मोबाइल उड़ाने वाला सलीम चढ़ा पुलिस के हत्थे

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले के थाना हरि नगर अंतर्गत हरि नगर पुलिस चौकी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो पहले भी लूट और चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी सलीम उर्फ सोनू (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चोरी की स्कूटी, एक चोरी का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल होने वाला एक बटनदार चाकू बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने हरि नगर और सागरपुर थानों में दर्ज चोरी के दो अलग-अलग मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी और झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हरि नगर चौकी प्रभारी एसआई अनूप राणा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल घनश्याम और ज्योति प्रकाश की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 26 मार्च को गश्त के दौरान जब टीम स्वर्ग आश्रम रोड स्थित डीडीए पार्क के पास मौजूद थी, तब उन्होंने एक स्कूटी सवार को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस को देखते ही आरोपी ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी सलीम के पास से एक अवैध बटनदार चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। तकनीकी जांच में पता चला कि बरामद स्कूटी सागरपुर इलाके से चोरी की गई थी और मोबाइल फोन हरि नगर क्षेत्र से उड़ाया गया था। पुलिस ने पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के माध्यम से पूरी बरामदगी की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की। आरोपी के खिलाफ हरि नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि सलीम उर्फ सोनू बेरोजगार है और कम पढ़ा-लिखा है। वह पहले भी लूटपाट और चोरी के कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और जेल जा चुका है। डीसीपी ने आगे बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और वह हथियार के बल पर वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और वह चोरी का माल किसे बेचता था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More