पालम विलेज पुलिस ने कार बैटरी चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, मैकेनिक और रैपिडो राइडर सहित तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले की पालम विलेज थाना पुलिस ने इलाके में कार बैटरी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो चोरों योगेश उर्फ योगी (24 वर्ष) और नीरज उर्फ एके (26 वर्ष) के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले रिसीवर निखिल चौहान (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 5 कार बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पालम विलेज थाने में दर्ज चोरी के 4 मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि पालम विलेज इलाके में लगातार हो रही बैटरी चोरी की शिकायतों को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार गुलिया के नेतृत्व में एएसआई संजीव, वीरेंद्र और हेड कांस्टेबल हरेंद्र सहित एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की पहचान की। 26 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी के माल के साथ महावीर एनक्लेव क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गली नंबर-9, एमसीडी स्कूल के पास जाल बिछाया और योगेश व नीरज को एक चोरी की बैटरी और मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे चोरी की बैटरियां सुभाष नगर निवासी निखिल चौहान को बेचते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छापेमारी कर निखिल को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 4 अन्य बैटरियां बरामद कीं। जांच में सामने आया कि आरोपी नीरज आईटीआई पास है और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में मैकेनिक का काम करता था, जबकि योगेश रैपिडो राइडर था। बुरी संगत के कारण दोनों नशे के आदी हो गए और अपनी लत पूरी करने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रख दिया।

आरोपी नीरज अपनी मैकेनिकल जानकारी का फायदा उठाकर बंद कारों के बोनट को बिना लॉक खोले खोल लेता था और आसानी से बैटरी चोरी कर लेता था। वहीं, तीसरा आरोपी निखिल कबाड़ी का काम करता है और अधिक मुनाफा कमाने के लालच में चोरी की बैटरियां खरीदने लगा था। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी ने आगे बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने दिल्ली के अन्य किन इलाकों में ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More