मिर्जा गालिब की हवेली के पास मोबाइल छीनने वाले झपटमारों का पुलिस ने किया पर्दाफाश, दो स्नैचर्स और एक खरीदार गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के थाना हौज काजी और रोडग्रान पुलिस चौकी की टीम ने मोबाइल झपटमारी की एक वारदात को सुलझाते हुए दो झपटमारों और एक खरीदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में सुहैल (23 वर्ष), कैफ (22 वर्ष) और छीना हुआ मोबाइल खरीदने वाले अरमान (20 वर्ष) को दबोचा है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्कूटी और छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। आरोपियों ने बल्लीमारान स्थित मिर्जा गालिब की हवेली के पास वारदात को अंजाम दिया था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 5 फरवरी 2026 को बल्लीमारान की गली कासिम जान में मोबाइल छीनने की शिकायत मिली थी। पीड़ित अपने दोस्त के साथ अस्पताल जाने के लिए मोबाइल से ओला कैब बुक कर रहा था, तभी स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसका मोबाइल झपटा और लाल कुआं की तरफ फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए हौज काजी थाना प्रभारी और रोडग्रान चौकी प्रभारी एसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में एएसआई भुवनेश्वर, हेड कांस्टेबल अजय और कांस्टेबल हरेंद्र की टीम गठित की गई। शुरुआत में सीसीटीवी फुटेज से कोई ठोस सुराग नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सीईआईआर डेटा का सहारा लिया।

जांच के दौरान पता चला कि छीने गए मोबाइल में एक नया सिम कार्ड सक्रिय हुआ है। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर 20 मार्च को सबसे पहले अरमान को मौजपुर से पकड़ा। पूछताछ में अरमान ने बताया कि उसने यह फोन सुहैल नामक युवक से खरीदा था। पुलिस को मोबाइल की गैलरी से सुहैल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी की तस्वीरें मिल गईं। इसके बाद पुलिस ने धर्मपुरी में छापेमारी की, लेकिन आरोपी वहां से भाग चुके थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भजनपुरा इलाके में दो दिनों तक डेरा डाला और आखिरकार वारदात में इस्तेमाल स्कूटी को ट्रैक कर 23 मार्च को मुख्य आरोपी सुहैल को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने आगे बताया कि सुहैल की निशानदेही पर उसके साथी कैफ को गौतमपुरी से पकड़ा गया। सुहैल और कैफ ने कबूला कि उन्होंने मोबाइल छीनने के बाद उसे अरमान को 4,000 रुपये में बेच दिया था और उन पैसों को खाने-पीने व अन्य जरूरतों पर खर्च कर दिया था। आरोपी सुहैल 8वीं और कैफ 9वीं कक्षा तक पढ़ा है। पुलिस अब वारदात में शामिल तीसरे फरार आरोपी की तलाश कर रही है। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More