गली में नशा करते पकड़े गए युवक ने खोला राज, पुलिस ने ध्वस्त किया अंतरराज्यीय ड्रग ट्रेल, 8.5 किलो गांजा और हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की हौज काजी थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य तस्करों बिनोद कुमार (29 वर्ष), सोनू कुमार मंडल (29 वर्ष) और संजीत कुमार उर्फ सोनू (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 8.505 किलोग्राम गांजा और 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह गैंग बिहार से सस्ते दामों पर नशीले पदार्थ लाकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 24 मार्च को गश्त के दौरान एएसआई भुवनेश्वर, कांस्टेबल दयाचंद और नेपाल को सदर बाजार के एक्सेलसियर सिनेमा के पास नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से मोहम्मद अली नामक युवक को स्मैक का सेवन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। पूछताछ में अली ने खुलासा किया कि उसने यह नशा पहाड़गंज पुल के पास सक्रिय सोनू नाम के व्यक्ति से खरीदा था। इस सुराग पर काम करते हुए हौज काजी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ओमवीर डाबास और एसआई ओमकांत यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी निगरानी और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर 27 मार्च की तड़के टोडापुर इलाके में रणनीतिक घेराबंदी की, जिसके परिणामस्वरूप बिहार के रहने वाले तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा और हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे बिहार के मधेपुरा और खगड़िया से ‘मैंगो ब्रीड’ गांजा मात्र पांच से छह हजार रुपये प्रति किलो में खरीदते थे और दिल्ली लाकर उसे तेरा हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचते थे। वे दिल्ली के सदर बाजार और रघुवीर नगर जैसे इलाकों में अपने नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि संजीत कुमार उर्फ सोनू के खिलाफ पहले भी सदर बाजार थाने में आबकारी अधिनियम का मामला दर्ज है, जबकि सोनू कुमार मंडल हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी ने आगे बताया कि पुलिस अब बिहार और दिल्ली के अन्य लिंक खंगाल रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट के मुख्य आकाओं तक पहुँचा जा सके। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More