जामा मस्जिद इलाके से चोरी हुई पल्सर के साथ पुलिस ने साहिबाबाद के शातिर चोर को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की जामा मस्जिद थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद निवासी अतुल (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बाजाज पल्सर एनएस-200 मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी पहले भी चोरी और आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और उसने जामा मस्जिद के भीड़भाड़ वाले इलाके से बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 19 मार्च को जामा मस्जिद थाने में एक ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 18/19 मार्च की दरम्यानी रात करीब 4 बजे उसने अपनी काली पल्सर बाइक जामा मस्जिद मोटर मार्केट रोड स्थित जर्मन ऑटो पार्ट्स के सामने पार्क की थी। जब वह सुबह 6 बजे वापस लौटा, तो उसकी बाइक वहां से गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जामा मस्जिद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आदेश प्रकाश और एसीपी दरियागंज कमल शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हरेंद्र, विपिन और कांस्टेबल सीताराम व सुमित की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल को धक्का देकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज से आरोपी की तस्वीरें निकालकर अपने मुखबिर तंत्र और स्थानीय इंटेलिजेंस को सक्रिय किया। 25 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति सीमापुरी रोड के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सीमापुरी रोड के भोपुरा गेट के पास छापेमारी की और आरोपी अतुल को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी अतुल ने जामा मस्जिद इलाके से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की और बताया कि उसने चोरी की मोटरसाइकिल को सीमापुरी इलाके में ही छिपा कर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि अतुल एक पुराना अपराधी है और उसके खिलाफ भजनपुरा, विवेक विहार और आनंद विहार थानों में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह और कितनी वारदातों में शामिल रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More