मामी-भांजे के अवैध संबंधों में रोड़ा बनी नानी, नाती ने तार से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार..
राष्ट्रीय जजमेंट
रामपुरबघेलान थाना अंतर्गत देवमऊ झिरिया टोला से रिश्तों को शर्मशार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक नाती ने अपनी मामी के साथ अवैध संबंधों को छुपाने के लिए अपनी नानी की गला घोटकर हत्या कर दी।
इस संबंध में रामपुरबघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित कयामत रावत पिता शिवबहादुर रावत उम्र 20 वर्ष का अपनी मामी भारती उर्फ कंचन पति अमरजीत रावत उम्र 25 वर्ष से अवैध प्रेम संबंध थे।
पांच फरवरी को कयामत रावत की नानी मृतिका रुकमणि आदिवासी ने मामी के साथ गलत स्थितियों में देख लिया। जिसके बाद दोनों मामी-भांजे अपने इस अवैध संबंधों के खुलने से सामाजिक एवं पारिवारिक बदनामी का डर सताने लगा। तब भांजे ने अपनी नानी व मृतिका रुकमणि को रास्ते से हटाने की योजना तैयार की और मौका पाते ही अपनी नानी को मौत के घाट उतार दिया।
उल्लेखनीय है कि बीती पांच फरवरी की शाम करीब चार बजे से लापता हो गई। दूसरे दिन छह फरवरी की शाम करीब साढ़े पाँच बजे गांव में तिरवई के पास सरसों खेत की मेड़ में झाड़ी के पास मृत हालात में मिली। हालांकि पुलिस ने क्रमश: भांजा व मामी कयामत व कंचन दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतिका रुकमणि के शव के मुंह व चेहरे में चोट व घाव के निशान से संदेह उत्पन्न हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका की मौत तार से गला घोटने से होना पुष्टि हुई। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपराध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता का अपराध घटित करना पाये जाने से अपराध सदर कायम कर विवेचना में लिया गया।
साइबर सेल के सहयोग से मोबाइल नंबर के डिटेल, आस पास गवाह एवं साक्षी से पूछताछ किए जाने पर संदेही कयामत रावत एवं भारती उर्फ कंचन रावत से पूछताछ की गई तो दोनों आरोपित कयामत रावत पिता शिवबहादुर रावत उम्र 20 वर्ष निवासी रगौली थाना सेमरिया जिला रीवा हाल देवमऊ झिरिया टोला थाना रामपुर बाघेलान जिला सतना और भारती उर्फ कंचन पति अमरजीत रावत उम्र 25 वर्ष निवासी देवमऊ झिरिया टोला थाना रामपुर बाघेलान टूट गए और सारा घटनाक्रम बताते हुए जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी को रुकमणि शौच के लिए जा रही थीं। तभी कयामत पीछे से हमला कर उन्हें गिरा देता है। उसने हाथ में पहने कड़े से उनके चेहरे व मुंह पर कई वार किए और फिर तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Comments are closed.