पांडव नगर पुलिस ने लुटेरों और झपटमारों के सक्रिय गिरोह का किया भंडाफोड़; 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत थाना पांडव नगर की टीम ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलाके में सक्रिय झपटमारों और लुटेरों के एक कुख्यात गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही पांडव नगर, मंडावली और गाजीपुर सहित विभिन्न थानों में दर्ज 14 आपराधिक मामलों को सुलझा लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन, एक चोरी की स्कूटी, एक चोरी की मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि इलाके में स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी मयूर विहार अमनदीप कौर और थाना प्रभारी योगेंद्र मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 22 मार्च को पिकेट चेकिंग के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि स्कूटी सवार झपटमार इलाके में घूमने वाले हैं। टीम ने तुरंत जाल बिछाया और सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले एक रिसीवर को भी कल्याणपुरी से गिरफ्तार किया गया।

पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है। मुख्य आरोपी रोहित वशिष्ठ उर्फ कालू (30 वर्ष) थाना मंडावली का घोषित अपराधी है और उस पर लूट व झपटमारी के 17 मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी भारत चौहान (24 वर्ष) ग्रेजुएट है और इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। वहीं, चोरी का सामान खरीदने वाला मनजीत (35 वर्ष) थाना कल्याणपुरी का कुख्यात ‘बैड कैरेक्टर’ है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट के 35 संगीन मामले दर्ज हैं। मनजीत हाल ही में 18 नवंबर 2025 को जेल से बाहर आया था।

इस गिरोह की गिरफ्तारी से पांडव नगर थाने के 8, मंडावली के 2, गाजीपुर के 3 और पीआईए थाने का 1 मामला सुलझ गया है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान रास्तों पर पैदल चलने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल और वाहन छीनते थे। पुलिस ने इनके पास से वीवो, मोटोरोला और वनप्लस जैसे महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More