सरिता विहार हत्याकांड का ₹50,000 का इनामी अपराधी गांधीनगर से गिरफ्तार; ढाई साल से पुलिस को चकमा दे रहा था आरोपी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (ANTF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए साल 2023 के सरिता विहार के चर्चित और नृशंस हत्याकांड में शामिल ₹50,000 के इनामी बदमाश अतोनु हलदर उर्फ अतुल हलदर (23 वर्ष) को गुजरात के गांधीनगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले ढाई साल से अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में भागता फिर रहा था और उसे अदालत द्वारा घोषित अपराधी (PO) करार दिया गया था। इस मामले में पुलिस 6 सह-आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन अतुल लगातार फरार चल रहा था।

डीसीपी क्राइम (ANTF) राहुल अलवाल ने बताया कि 15 सितंबर 2023 को सरिता विहार इलाके में एक मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने एक व्यक्ति पर उसके घर के बाहर चाकू और लाठियों से जानलेवा हमला किया था। आरोपियों की बेरहमी का आलम यह था कि पीड़ित ने जब पड़ोसी के घर में छुपने की कोशिश की, तो उन्होंने वहां घुसकर उसे तब तक मारा जब तक कि वह अधमरा नहीं हो गया। इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सत्येंद्र मोहन के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर महिपाल के नेतृत्व में एसआई अंकित, गौरव और हेड कांस्टेबल नवीन सहित एक विशेष टीम गठित की गई थी।

जांच के दौरान हेड कांस्टेबल नवीन ने सालों पुराने रिकॉर्ड और पुराने मोबाइल नंबरों का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी के दौरान एक संदिग्ध नंबर मिला जिसकी लोकेशन हर महीने बदल रही थी। टीम ने हफ्तों तक इस नंबर का पीछा किया और अंततः गांधीनगर, गुजरात में जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात के बाद वह सबसे पहले मुंबई भागा और एक साल वहां रहा। इसके बाद वह प्रयागराज (यूपी) गया और पिछले एक साल से गुजरात में अपनी पहचान छिपाकर एक फर्म में बतौर स्टोर हेल्पर काम कर रहा था।

आरोपी अतोनु हलदर मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और केवल 8वीं तक पढ़ा है। दिल्ली में रहने के दौरान वह इलाके के आपराधिक तत्वों के संपर्क में आया और हत्या जैसी वारदात में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार, वह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार नौकरियां और ठिकाने बदलता रहता था। फिलहाल पुलिस उसे दिल्ली ले आई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More