हरियाणा से दिल्ली में शराब सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 90 कार्टन अवैध शराब और दो वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपने नए फ्लैगशिप अभियान ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम !!’ के तहत शराब तस्करों पर जोरदार प्रहार किया है। जिले की स्पेशल स्टाफ और AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) टीमों ने दो अलग-अलग सफल ऑपरेशनों में अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 4500 क्वार्टर (90 कार्टन) अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त एक i-20 कार और एक बोलेरो पिकअप बरामद की है। यह पूरी खेप हरियाणा से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से सप्लाई की जानी थी।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि युवाओं को नशे की गर्त से बचाने और समाज को इस बुराई से मुक्त करने के लिए जिले में एक निर्णायक युद्ध शुरू किया गया है। इसी क्रम में स्पेशल स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने सेक्टर-16 बी, द्वारका के पास घेराबंदी कर एक सफेद i-20 कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 2000 क्वार्टर (40 पेटी) ‘संतरा’ देशी शराब बरामद हुई। मौके से आरोपी पुष्कर कुमार (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुष्कर ने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर काम करता था, लेकिन ऐशो-आराम की जिंदगी जीने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह शराब तस्करी के इस काले धंधे में शामिल हो गया।

एक अन्य सफल ऑपरेशन में इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व वाली AATS द्वारका की टीम ने नजफगढ़ इलाके में कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप को इंटरसेप्ट किया। वाहन की तलाशी लेने पर 2500 क्वार्टर (50 पेटी) अवैध शराब बरामद हुई, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य थी। पुलिस ने मौके से आरोपी मो. नौशाद (22 वर्ष), निवासी इंद्रपुरी को गिरफ्तार कर लिया। नौशाद इस खेप को दिल्ली के भीतरी इलाकों में सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस ने दोनों मामलों में द्वारका नॉर्थ और नजफगढ़ थानों में आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पुष्कर कुमार पूर्व में आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है। वह अपने आकाओं हिमांशु और सोनू उर्फ खोटा के इशारे पर शराब की डिलीवरी करता था। पुलिस अब इन मुख्य सरगनाओं और शराब की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य रिसीवरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। द्वारका जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस अवैध कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए आने वाले दिनों में अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More