पुलिस को देख भाग रहा था बदमाश, घेराबंदी कर दबोचा तो खुला स्नैचिंग का राज, चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला अंतर्गत थाना मोहन गार्डन की टीम ने इलाके में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से की जा रही गश्त के दौरान एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज उर्फ सूरज उर्फ सत्या (30 वर्ष), निवासी सेवक पार्क, बिंदापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह न केवल अवैध हथियार रखने में, बल्कि इलाके में हुई स्नैचिंग की एक बड़ी वारदात में भी शामिल रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 15 मार्च की रात करीब 9:20 बजे मोहन गार्डन थाने के हेड कांस्टेबल राकेश यादव और हरेंद्र कुमार 55 फुटा रोड पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेरी बाबा पुल की तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति को आते देखा। पुलिस टीम को सामने पाकर आरोपी ने अचानक पीछे मुड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे पोसवाल चौक के पास धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी नीरज ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 3 फरवरी को मोहन गार्डन इलाके में ही स्नैचिंग की एक वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में उसका एक साथी पहले ही पकड़ा जा चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी नीरज एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही द्वारका नॉर्थ, जनकपुरी मेट्रो और मोती नगर थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के तीन संगीन मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी मुकेश अंतिल के नेतृत्व में पुलिस टीम अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More