सड़कों पर दहशत फैलाने वाले गैंग का अंत, 8 खतरनाक लुटेरे गिरफ्तार; 5 संगीन मामले सुलझे, मोबाइल, जेवर और वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ जिले की समयपुर बादली और अलीपुर थाना टीमों ने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए 8 शातिर लुटेरों और झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूट के 8 मोबाइल फोन, एक ई-रिक्शा, एक पल्सर मोटरसाइकिल, कलाई घड़ी, चांदी की चेन, अंगूठियां और वारदात में इस्तेमाल एक चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बलजिंदर सिंह उर्फ सन्नी (38 वर्ष) और छोटू नासिर उर्फ नासिर पगला (22 वर्ष) जैसे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं, जिन पर पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन गिरफ्तारियों से इलाके में पिछले तीन दिनों में हुई लूट और स्नैचिंग की 5 बड़ी वारदातों को सुलझा लिया गया है।

आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि बादली और मुकरबा चौक जैसे इलाकों में लगातार हो रही लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए समयपुर बादली थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह जाखड़ और अलीपुर थाना प्रभारी शैलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने जांच के दौरान करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी की मदद से इन बदमाशों के ठिकानों की पहचान की। पहली बड़ी सफलता समयपुर बादली इलाके में मिली, जहां गला घोंटकर लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सरदार कॉलोनी से पकड़ा गया। इसके बाद भलस्वा डेयरी के एक घर में छापेमारी कर चाकू की नोंक पर लूटपाट करने वाले तीन अन्य आरोपियों को दबोचा गया।

पुलिस ने बताया कि इन बदमाशों ने राहगीरों और नौकरीपेशा लोगों को अपना निशाना बनाया था। एक घटना में आरोपियों ने टीपीडीडीएल के लाइनमैन का गला घोंटकर मोबाइल छीना था, तो वहीं मुकरबा फ्लाईओवर के पास चाकू दिखाकर एक ट्रांसपोर्टर से चांदी के जेवर और नकदी लूट ली थी। अलीपुर इलाके में भी लाल रंग की होंडा मोटरसाइकिल से मोबाइल छीनने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से नासिर पगला पर 40 मामले और सन्नी पर 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि दिल्ली के अन्य इलाकों में इनके द्वारा की गई वारदातों का पता लगाया जा सके और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More