बवाना में बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं अंधाधुंध गोलियां, एक की मौत, आठ साल के मासूम समेत तीन घायल

नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना थाना अंतर्गत हरेवली गांव में मंगलवार शाम बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने सरेराह खूनी खेल खेलते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात में 30 वर्षीय युवक रवि भारद्वाज की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय मासूम समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरियाणा सीमा की ओर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गांव में दहशत का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5:26 बजे पीसीआर को फायरिंग की सूचना मिली थी। चश्मदीदों ने बताया कि एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने सीधे रवि भारद्वाज को निशाना बनाते हुए गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए 55 वर्षीय अनिल भारद्वाज, 46 वर्षीय राज कुमार और एक आठ साल के मासूम को भी गोलियां लगी हैं। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रवि भारद्वाज को ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस को मौके से कारतूस के कई खाली खोखे मिले हैं, जिससे बदमाशों के खतरनाक इरादों का पता चलता है। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि हमलावर सुनियोजित तरीके से रवि की हत्या करने आए थे। घायलों का इलाज पूठ खुर्द स्थित अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस परिजनों और चश्मदीदों से पूछताछ कर पुरानी रंजिश के कोण से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

बवाना थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार बदमाशों की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते और पहचान की पुष्टि की जा सके। सूत्रों की मानें तो पुलिस की टीमें हरियाणा के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को दबोचने का दावा किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More