दिल्ली पुलिस की एसटीएफ ने ‘ढींगरा गैंग’ का सक्रिय सदस्य को जहांगीरपुरी से दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की एसटीएफ टीम ने क्षेत्र में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित अपराधी जावेद उर्फ कल्लू दादा (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुख्यात शेख फिरोज उर्फ सैफुल उर्फ ढींगरा गैंग का सक्रिय सदस्य है और पहले से ही हत्या, डकैती व हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में शामिल रहा है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी जावेद पूर्व में हत्या और डकैती के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई थी। हाल ही में वह जहांगीरपुरी थाने में दर्ज एक नए आपराधिक मामले में वांछित चल रहा था और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

आरोपी को पकड़ने के लिए एसीपी राजीव कुमार के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर संदीप यादव के निर्देशन में एसआई उमेश पाल, एएसआई राकेश, हेड कांस्टेबल मुकेश, प्रभात, सुनील और महिला कांस्टेबल कोमल की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी का पीछा किया। निरंतर प्रयासों के बाद, एसटीएफ ने जहांगीरपुरी के सीडी पार्क स्थित उसकी झुग्गी में छापेमारी कर उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता फिर रहा था। जांच में सामने आया कि उस पर जहांगीरपुरी थाने में हत्या, लूट और जानलेवा हमले के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, कल्लू दादा की गिरफ्तारी से क्षेत्र में ढींगरा गैंग की आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगेगी। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए जहांगीरपुरी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More