शकरपुर में अवैध गैस रिफिलिंग के काले कारोबार का भंडाफोड़, पुलिस ने छापेमारी कर दुकानदार को दबोचा

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर थाना इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी गैस की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी के धंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध उपकरण और गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। आरोपी बिना किसी सुरक्षा इंतजाम या लाइसेंस के बड़े घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का खतरनाक खेल खेल रहा था, जिससे इलाके में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती थी।

पुलिस के अनुसार, 15 मार्च को शकरपुर थाना पुलिस को इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अनुराग और अन्य पुलिस कर्मियों की एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने जब शकरपुर स्थित दुकान पर धावा बोला, तो वहां योगेश गुप्ता (46) नामक व्यक्ति को रंगे हाथों अवैध गतिविधि में लिप्त पाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ दिनों से बड़े घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर उन्हें अवैध रूप से बेच रहा था।

जांच के दौरान दुकान से 14.2 किलोग्राम के दो लाल घरेलू सिलेंडर, 5 किलोग्राम वाले तीन छोटे सिलेंडर, गैस ट्रांसफर करने वाला पाइप, एक एलपीजी रिफिलिंग मशीन और एक वजन तौलने की मशीन बरामद हुई। आरोपी ने कबूला कि उसके पास इस कार्य के लिए न तो कोई लाइसेंस था और न ही वह किसी सुरक्षा मापदंड का पालन कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी न केवल गैस की कालाबाजारी कर रहा था, बल्कि रिफिलिंग के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर सार्वजनिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा भी पैदा कर रहा था।

शकरपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में आरोपी योगेश गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 287, 125 और 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी को घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और वह किन-किन लोगों को अवैध रूप से ये सिलेंडर बेचता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More