शॉर्टकट से पैसा कमाने का शौक पड़ा भारी; कल्याणपुरी का ऑटो-लिफ्टर पांडव नगर में गिरफ्तार, 5 मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की पांडव नगर थाना टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की TVS जुपिटर स्कूटी बरामद की है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इलाके में वाहन चोरी के पांच मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रवि (20 वर्ष), निवासी कल्याणपुरी के रूप में हुई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 8 मार्च को प्रकाश ब्रोबोले नामक व्यक्ति ने अपनी स्कूटी चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (मयूर विहार) के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल प्रशांत, नरेंद्र और कांस्टेबल रामकेश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के जरिए चोर का सुराग लगाया।

जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि चोरी की गई स्कूटी डीपी अपार्टमेंट के पास नाला रोड पर खड़ी है। पुलिस टीम ने तुरंत रणनीति बनाई और सादे कपड़ों में वाहन की निगरानी शुरू कर दी। 12-13 मार्च की दरमियानी रात, जब आरोपी रवि स्कूटी ले जाने के लिए वहां पहुँचा, तो सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान 20 वर्षीय रवि ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह भोगल की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है, लेकिन जल्दी और आसानी से पैसा कमाने के लालच में उसने वाहन चोरी शुरू कर दी। वह स्कूटी चुराकर उसे ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। कड़ी पूछताछ में उसने पांडव नगर इलाके में वाहन चोरी की चार अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More