AATS ने दो शातिर वाहन चोरों को दबोचा, पांच वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। रात की गश्त के दौरान पुलिस ने दो सक्रिय ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान राहुल (36 वर्ष) और लोकेश (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के पांच वाहन (4 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी) बरामद किए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एसीपी (ऑपरेशंस) पवन कुमार और AATS प्रभारी निरीक्षक पवन यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गश्त पर थी। 14-15 मार्च की दरमियानी रात टीम ने ईस्ट विनोद नगर इलाके में दो संदिग्धों को एक मोटरसाइकिल पर स्कूटी ले जाते हुए देखा। रुकने का इशारा करने पर वे भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने करीब 1 किलोमीटर तक पीछा कर उन्हें दबोच लिया।

जांच के दौरान जब इंजन और चेसिस नंबर को जिपनेट के माध्यम से वेरिफाई किया गया, तो पता चला कि स्कूटी थाना सीलमपुर से चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपियों की कड़ी पूछताछ में उनकी निशानदेही पर चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं, जो न्यू अशोक नगर, खजुरी खास, कल्याणपुरी और दयालपुर थानों के इलाकों से चोरी हुई थीं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ड्रग्स और नशीले इंजेक्शनों के आदी हैं। अपनी इस महंगी लत को पूरा करने के लिए वे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से गाड़ियां चुराते थे। वे इन वाहनों को सुनसान जगहों पर खड़ा कर देते थे और बाद में उन्हें काटकर उनके पुर्जे कबाड़ियों को बेच देते थे। मुख्य आरोपी राहुल पहले भी चोरी और लूट के दो मामलों में शामिल रहा है, जबकि लोकेश के खिलाफ एक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस इनसे और पूछताछ कर रही है ताकि कबाड़ियों के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More