पटपड़गंज थाना पुलिस ने पीछा कर 39 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर को स्नैचिंग करते दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना टीम ने आनंद विहार ISBT के पास सक्रियता दिखाते हुए एक कुख्यात झपटमार को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अमन उर्फ बंदर (28 वर्ष), निवासी नंद नगरी, एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और एक्साइज एक्ट के 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि इलाके में स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गठित विशेष गश्ती दल (हेड कांस्टेबल प्रदीप और हेड कांस्टेबल शीशपाल) 14 मार्च की सुबह आनंद विहार ISBT के पास तैनात था। सुबह करीब आठ बजे मुजफ्फर नामक एक व्यक्ति अपने चाचा को छोड़ने बस अड्डे आया था, तभी एग्जिट गेट के पास आरोपी ने उसका मोबाइल छीना और भागने लगा।

पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर पास में ही गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल प्रदीप और शीशपाल ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीड़ित का छीना हुआ Vivo S1 मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि 28 वर्षीय अमन उर्फ बंदर ड्रग्स का आदी है और अपनी इस लत को पूरा करने के लिए साल 2017 से लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है। वह उत्तर-पूर्वी जिले, शाहदरा और क्राइम ब्रांच के दर्जनों मामलों में वांछित रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More