गाजीपुर में आशीर्वाद अपार्टमेंट के फ्लैट में फैली संदिग्ध गंध, एक मासूम की मौत, दूसरा सुरक्षित

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना अंतर्गत मयूर विहार फेज-3 स्थित ‘आशीर्वाद अपार्टमेंट’ में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक फ्लैट से संदिग्ध रासायनिक गंध आने के बाद दो बच्चियां संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश हो गईं। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को नोएडा के मेट्रो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ढाई वर्षीय सन्ना खातून को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी बड़ी बहन राफिया खातून (7.5 वर्ष) की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस और विशेषज्ञों की टीम मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना दोपहर करीब 2:19 बजे मिली। बताया गया कि जिस समय फ्लैट में मां मौजूद थीं, उसी कमरे में दोनों बच्चियां अचानक अचेत हो गईं। सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस, क्राइम टीम और डीडीएमए की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। बच्चियों के पिता पेशे से दर्जी हैं और घटना के समय वह अपनी दुकान पर थे।

बच्चों की मां ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चे साथ खेल रहे थे और अचानक एक-दूसरे के ऊपर गिरकर बेहोश हो गए। हालांकि, मौके पर संदिग्ध रासायनिक गंध की चर्चा के कारण मामले की गंभीरता बढ़ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है और एफएसएल रोहिणी के केमिकल विशेषज्ञों को बुलाया गया है। विशेषज्ञ यह जांच करेंगे कि क्या कमरे में किसी जहरीले रसायन या गैस का रिसाव हुआ था जो मौत का कारण बना। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More