नरेला में एएटीएस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से ढेर हुआ वांटेड

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आउटर-नॉर्थ जिले में नरेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित केमिकल मार्केट के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांटेड अपराधी घायल हो गया। कई आपराधिक मामलों में वांछित अक्षय पांचाल उर्फ ‘टैक्सी’ अपने साथियों के साथ पुलिस की घेराबंदी में फंस गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ में अक्षय पांचाल के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो साथियों को भी दबोच लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आउटर-नॉर्थ जिले की एएटीएस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी अक्षय पांचाल अपने सहयोगियों के साथ केमिकल मार्केट के पीछे यूईआर-II सड़क से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। जैसे ही एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख अक्षय और उसके साथी मयंक ने पुलिस टीम पर पिस्तौल तान दी और फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने अदम्य साहस दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अक्षय पांचाल घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अक्षय, मयंक और उनके एक नाबालिग साथी को पकड़ लिया। घायल अपराधी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

अक्षय पांचाल पर पहले से ही लूट और चोरी के कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इन तीनों से पूछताछ कर रही है ताकि इलाके में सक्रिय उनके अन्य साथियों और हाल ही में अंजाम दी गई वारदातों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More