सुल्तानपुरी में इंस्टाग्राम पर हथियार लहराने वाला नाबालिग दबोचा, देशी पिस्तौल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की विशेष स्टाफ और सुलतानपुरी थाना टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करने वाले एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह किशोर इंस्टाग्राम पर पिस्तौल के साथ रील और फोटो डालकर कानून की धज्जियां उड़ा रहा था।

बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि इलाके में अपराध पर लगाम लगाने और डार्क स्पॉट्स व पार्कों की निगरानी के लिए विशेष गश्ती दल तैनात किए गए हैं। 10 मार्च को विशेष स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित के नेतृत्व में एसआई विपिन, हेड कांस्टेबल संदीप, अमन, किरण और कांस्टेबल रामचंद्र की टीम सुल्तानपुरी इलाके में गश्त पर थी।

जब टीम जलेबी चौक के पास स्थित फूल वाला पार्क पहुँची, तो वहां एक संदिग्ध युवक बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्तौल मिली। जब पुलिस ने उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की, तो उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई ऐसी वीडियो और रील मिलीं जिनमें वह इसी पिस्तौल का प्रदर्शन कर रहा था।

पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है और किशोर को हिरासत में लेकर संबंधित किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नाबालिग के पास यह अवैध हथियार कहाँ से आया और क्या वह किसी आपराधिक गिरोह के संपर्क में है। बाहरी जिला पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने या हिंसा को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More