शिवपाल सिंह यादव पर ओपी राजभर का सियासी पलटवार, ‘छोटा बिच्छू डंक मारता है तो बहुत दर्द होता है’

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सियासी चाहत की लहलहाती फसल को इस समय ओम प्रकाश राजभर खूब पानी देते नजर आ रहे हैं। सपा के गढ़ आजमगढ़ से एकतरफ जहां राजभर सपा का सूपड़ा साफ करने का दावा कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ लगातार आजमगढ़ में अपनी ताकत को और मजबूत करने का प्रयास भी कर रहे हैं।
अपने बेबाक अंदाज और सियासी गणित को लेकर पहचाने जाने वाले राजभर आजमगढ जिले की जर्जर सड़क सिकंदरपुर-नारियांव का हाल जानने आजमगढ़ पहुंचे थे। इस अवसर पर राजभर ने न सिर्फ़ अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरा, बल्कि सपा सहित शिवपाल यादव को भी आड़े हाथों लिया।

मंत्री थे तो क्यों नहीं बनवा दिए सड़क- ओपी राजभर
शिवपाल को घेरते हुए कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग और अहिरौला-कप्तानगंज मार्ग की हालत कई वर्षों से बेहद खराब थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन शिवपाल यादव ने कभी इस सड़क पर ध्यान नहीं दिया। पांच साल तक वे लोक निर्माण विभाग के मंत्री भी रहे, लेकिन क्यों नहीं बनवा दिए? जब इस समस्या को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा गया तो उन्होंने तुरंत सड़क निर्माण की स्वीकृति दे दी। रविवार को भूमि पूजन हुआ और सोमवार से ही निर्माण कार्य शुरू हो गया, जो डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

शिवपाल सिंह यादव के बयानों पर भी ओपी राजभर का पलटवार
मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव के हालिया बयानों पर भी पलटवार किया। शिवपाल के बयान पर कहा कि ऐसे छोटे लोगों की चर्चा हम नहीं करते। बिच्छू बहुत छोटा होता है, लेकिन जब वह डंक मारता है तो तकलीफ बहुत ज्यादे होती है। आगे की बातचीत में राजभर ने कहा कि यही छोटे लोग जब सपा के साथ थे, तब सपा की सरकार बनी।

2027 में भी सपा की सरकार न बनने की कर दी भविष्यवाणी
शिवपाल के बयान पर ओपी राजभर ने कहा कि अगर इतनी ही बड़ी पार्टी के नेता होते तो प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन जाते? कहा कि वह तो ख़ुद सपा में दूसरे नम्बर के नेता थे। अखिलेश ने उन्हें लात मारकर बाहर क्यों निकाल दिया। तब तो वो इन्हीं छोटे दलों के नेताओं के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने का सपना देख रहे थे। सपा को लेकर 2027 की भविष्यवाणी को करते हुए कहा कि 2027 में सरकार बनाना महज सपना है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More