दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन कवच’, ड्रग्स तस्करों पर 5467 एफआईआर, 7134 गिरफ्तारियां और 17 हजार किलो नशीले पदार्थ जब्त

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली को नशामुक्त बनाने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कवच’ के बड़े परिणाम सामने आए हैं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि दिल्ली पुलिस ने विशेष अभियानों के तहत अब तक 17 हजार किलोग्राम से ज्यादा नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी द्वारा पूछे गए एक लिखित प्रश्न के उत्तर में गृह राज्य मंत्री ने यह आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के तहत न केवल भारी मात्रा में ड्रग्स पकड़े गए हैं, बल्कि तस्करों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर भी चलाया गया है।

गृह राज्य मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि 13 मई 2023 से 23 जनवरी 2026 के बीच दिल्ली पुलिस ने ड्रग माफिया के खिलाफ 12 विशेष अभियान चलाए। इस दौरान पूरी दिल्ली में 9694 स्थानों पर छापेमारी की गई। साल 2023 से 15 फरवरी 2026 तक की अवधि में ड्रग्स से जुड़े कुल 5467 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 7134 लोगों को सलाखों के पीछे भेजा गया। बरामद मादक पदार्थों में चरस, अफीम, गांजा, स्मैक, हेरोइन और कोकीन जैसी महंगी ड्रग्स शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 17,435 किलोग्राम रही।

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने ड्रग माफिया की संपत्तियों पर की गई कार्रवाई के बारे में भी सवाल पूछा था। इसके जवाब में गृह राज्य मंत्री ने बताया कि हालांकि इस दौरान पुलिस द्वारा कोई संपत्ति जब्त नहीं की गई, लेकिन स्थानीय निकायों के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करों की अवैध संपत्तियों को ढहाने के लिए 29 संयुक्त अभियान चलाए गए। इन अभियानों के जरिए तस्करों के ठिकानों पर बुलडोजर चलाकर उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने का प्रयास किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि दिल्ली को नशामुक्त करने के लिए पुलिस की यह जीरो-टोलरेंस नीति भविष्य में भी जारी रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More